उन्नाव में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: गाड़ी में मिला दो लाख का 650 किलो पनीर, दुर्गंध उठने पर गड्ढे में दबाकर कराया नष्ट

संवाददाता : सचिन पांडे
उन्नाव। जिले में मिलावटी और संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। हसनगंज क्षेत्र के वीरमपुर गांव में एक वाहन से करीब साढ़े छह क्विंटल पनीर बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत लगभग दो लाख रुपये बताई गई है। पनीर के संबंध में संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने और उसमें दुर्गंध उठने के कारण अधिकारियों ने उसे गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, आशीष कुमार वर्मा, महेश कुमार, पंकज कुमार यादव, रुचि बाजपेयी और आकांक्षा जायसवाल की टीम ने वीरमपुर गांव में जांच अभियान चलाया। इस दौरान एक वाहन में बड़ी मात्रा में पनीर रखा मिला। जांच के दौरान पनीर के संबंध में सही जानकारी नहीं मिल सकी। साथ ही उसमें दुर्गंध भी आ रही थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने स्वास्थ्य संबंधी संभावित खतरे को देखते हुए करीब 650 किलोग्राम पनीर नष्ट करा दिया।
मिठाई की दुकान से लिए नमूने
अभियान के दौरान टीम ने मिश्रा कॉलोनी स्थित पंकज स्वीट्स पर भी जांच की। यहां से वर्कयुक्त बर्फी, खोया और राजभोग के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। जांच में दुकान का संचालन बिना खाद्य लाइसेंस के होता मिला, जिसके बाद दुकान को बंद करा दिया गया।
सफीपुर में 60 किलो सरसों का तेल सील
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सफीपुर क्षेत्र में रामचंद्र राठौर के हाता में भी कार्रवाई करते हुए करीब 60 किलोग्राम सरसों का तेल सील कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि जिन खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार हो रही इस कार्रवाई से खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले दुकानदारों में हलचल है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।



