बारिश ने रोकी लखनऊ की रफ्तार, चारों तरफ भीषण जाम; ओला ,उबर एवं रैपिडो नेटवर्क ठप, सड़कों पर फंसे लोग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। शहर के कई इलाकों में जलभराव और सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से भीषण जाम की स्थिति पैदा हो गई है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश का असर ऑनलाइन कैब और बाइक टैक्सी सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है। Ola, Uber और Rapido का नेटवर्क प्रभावित होने से लोगों को राइड बुक करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग काफी देर तक वाहन मिलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि जिन लोगों को वाहन मिल भी रहे हैं, वे जाम में फंसकर समय पर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से निकले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
बारिश ने एक बार फिर राजधानी की यातायात व्यवस्था और जलनिकासी के इंतजामों की पोल खोल दी है। सवाल यह है कि हर साल बारिश के दौरान जाम और जलभराव की समस्या सामने आने के बावजूद स्थायी समाधान के लिए जिम्मेदार विभागों की ओर से ठोस कदम क्यों नहीं उठाए जाते?
फिलहाल बारिश और जाम के बीच लखनऊ की रफ्तार थमती नजर आ रही है।




