
नई दिल्ली
पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं ने इंदिरा गांधी मेमोरियल में आयोजित प्रार्थना सभा में भाग लिया…
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इंदिरा गांधी के साथ अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने लिखा, “आपकी गोद में बैठा हूं। आपके दोनों हाथ थामे हुए। आपकी आवाज से ये शब्द सुन रहा हूं और आपके पीछे-पीछे इन्हें दोहरा रहा हूं। ‘असतो मा सद्गमय, तमसो मा ज्योतिर्गमय। मृत्योर्मा अमृतं गमय, ॐ शांति, शांति, शांति।'” कांग्रेस सांसद ने इंदिरा गांधी को याद करते हुए पोस्ट में आगे लिखा, “दादी, आपने मुझे कितना सुंदर उपहार दिया है। क्या कमाल का उपहार है। मैंने कभी सोचा भी नहीं था।”
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने भी इंदिरा गांधी को याद करते हुए उनके साथ अपने बचपन की एक तस्वीर शेयर की। उन्होंने पोस्ट में लिखा, “वह कितनी सुंदर स्त्री थी। आसमान की तरह आजाद, समुद्र की तरह गहरी, धरती की तरह सहनशील और आग से भी अधिक तेजस्वी।”




