उन्नावव्यक्तित्व

एकता के सूत्रधार और समाजवाद के पुरोधा को नमन: जयंती समारोह में सम्मिलित हुए अंकित सिंह परिहार

सरदार वल्लभभाई पटेल एवं महान समाजवादी आचार्य नरेंद्र देव जी की जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मिलित हुए अंकित सिंह परिहार

जनपद उन्नाव।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं विधानसभा 166 भगवंतनगर के नेता अंकित सिंह परिहार ने आज जनपद मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित लौह पुरुष, भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती एवं महान समाजवादी चिंतक, शिक्षाविद् आचार्य नरेंद्र देव जी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता की।

इस अवसर पर दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा उनके विचारों, संघर्षों और राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को स्मरण किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री परिहार ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी का जीवन अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजाद भारत में सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर मजबूत राष्ट्र के निर्माण में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनका जीवन हमें एकता, संगठन और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि महान समाजवादी आचार्य नरेंद्र देव जी भारतीय समाजवादी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ थे। उनका संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और शोषणविहीन समाज की स्थापना के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाजवादी आंदोलन और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में हमारा मार्गदर्शन करते हैं।

जनपद मुख्यालय के कार्यक्रम में सहभागिता के उपरांत  अंकित सिंह परिहार ने अपने परिवार क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती के कार्यक्रमों में भी पहुंचकर सहभागिता की। इस दौरान स्थानीय साथियों, कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय नागरिकों से आत्मीय भेंट की तथा लौह पुरुष सरदार पटेल जी के विचारों और उनके ऐतिहासिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।

परिहार ने कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके विचारों को अपने जीवन और सामाजिक व्यवहार में आत्मसात करने का अवसर है। सरदार पटेल जी की राष्ट्रीय एकता की भावना और आचार्य नरेंद्र देव जी के सामाजिक न्याय एवं समाजवादी चिंतन को साथ लेकर ही एक समतामूलक, मजबूत और समृद्ध समाज का निर्माण किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा हमेशा से सामाजिक सद्भाव, समानता, लोकतंत्र और वंचित वर्गों के अधिकारों की पक्षधर रही है। इन महान विभूतियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अधिकार और अवसर पहुंचाने का संकल्प मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button