घर के लोहे के गेट में उतरा करंट, महिला की मौत

उन्नाव। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के परसंदन मजरा दुंदपुर गांव में रविवार को करंट की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब महिला घर के मुख्यद्वार पर लगे लोहे के गेट को बंद करने गई थी। गेट में करंट उतरने से वह उसकी चपेट में आ गई।
मृतका की पहचान रजाना पत्नी रामशंकर, उम्र 56 वर्ष के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना के समय रजाना घर में अकेली थीं। शाम करीब चार बजे पड़ोस की एक महिला उनके घर पहुंची। वहां रजाना को लोहे के गेट के पास पड़ा देखकर उसने शोर मचाया।
आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रजाना के पति रामशंकर को दी। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर चौकी प्रभारी मुकुल दुबे मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जानकारी में मौत करंट की चपेट में आने से होने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
किसान मेल ब्यूरो
ऋषभ तिवारी



