उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

फतेहपुर में 25 हजार के इनामी हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली

फतेहपुर। जाफरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, पुलिस टीम रात में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान रुसिया रोड पर डिघरुवा गांव के पास पुलिस की नजर वांछित आरोपी अमित कुमार उर्फ टेनी पुत्र स्वर्गीय अच्छेलाल निवासी डिघरुवा, थाना जाफरगंज पर पड़ी। पुलिस के अनुसार आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह जाफरगंज थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 134/2026 में वांछित चल रहा था।

पुलिस टीम पर फायरिंग का आरोप

पुलिस का कहना है कि घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान गोली अमित के बाएं पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।

मौके की तलाशी के दौरान पुलिस ने 315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।

आर्म्स एक्ट समेत धाराओं में मुकदमा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 152/2026 दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामले में धारा 109(1) बीएनएस तथा 3/25/27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

16 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी

पुलिस के मुताबिक अमित कुमार उर्फ टेनी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। अब तक की जांच में उसके खिलाफ फतेहपुर जिले के अलग-अलग थानों के अलावा अन्य जनपदों में कुल 16 अभियोग दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसके पुराने मुकदमों और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button