उन्नाव में भाजपा क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीके वर्मा का मैराथन प्रवास, संगठन से लेकर सेवा अभियानों तक की समीक्षा

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पीके वर्मा ने उन्नाव में मैराथन प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सेवा अभियानों, आईटी एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की। उनके प्रवास के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कई बैठकों का आयोजन हुआ।
जिलाध्यक्ष की अध्यक्षता में संगठनात्मक समीक्षा
जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी की अध्यक्षता में जिला पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में आगामी चुनावों को लेकर संगठन की तैयारियों और बूथ स्तर तक गतिविधियों पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को जिले की सभी सीटों पर पार्टी की तैयारियों को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
‘मन की बात’ को लेकर बूथ स्तर पर रणनीति
27 सितंबर को प्रस्तावित ‘मन की बात’ कार्यक्रम को लेकर भी बैठक में रणनीति बनाई गई। प्रत्येक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित करने और उसकी जानकारी सरल ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए।
आईटी और सोशल मीडिया टीम को जिम्मेदारी
पीके वर्मा ने आईटी एवं सोशल मीडिया टीम के साथ बैठक कर सेवा कार्यों तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया। तकनीकी टीम को संगठन की गतिविधियों को प्रभावी तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए।
सेवा संकल्प अभियान की मॉनिटरिंग पर जोर
मॉनिटरिंग टीम के साथ संवाद के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की नियमित निगरानी और उनके जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।
निराला प्रेक्षागृह में प्रदर्शनी का अवलोकन
पीके वर्मा ने जिलाध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारियों के साथ निराला प्रेक्षागृह पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान अभियान के तहत किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी ली।
बेथर में प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
भगवंतनगर के बेथर में पहुंचकर पं. प्रतापनारायण मिश्र की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद वहां आयोजित मेडिकल कैंप का जायजा लिया और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि पर नमन
भगवंतनगर के बदरका स्थित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मभूमि पहुंचकर पीके वर्मा ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
सदर मंडल और लाभार्थियों से संवाद
उन्नाव सदर विधानसभा क्षेत्र के उन्नाव नगर मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की गतिविधियों की समीक्षा की गई। वहीं मोहान क्षेत्र के नवाबगंज में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से सीधा संवाद किया गया।
भाजपा के अनुसार, पीके वर्मा के प्रवास का उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों को बूथ स्तर तक मजबूत करना, सेवा अभियानों की समीक्षा करना और कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों के लिए सक्रिय करना रहा।



