उन्नाव में सेवा सेतु अभियान के तहत स्वास्थ्य शिविर, 150 श्रमिकों की हुई जांच

संवाददाता — सचिन पांडे, Kisan Mail News
उन्नाव। श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु अभियान के तहत साइट-3 इंडस्ट्रियल एरिया स्थित रहमान इंडस्ट्रीज में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में करीब 150 श्रमिकों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर के दौरान श्रमिकों का ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और बीएमआई जांचा गया। चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के साथ श्रमिकों को उनकी सेहत से संबंधित जरूरी परामर्श भी दिया। जांच के दौरान जिन श्रमिकों को आगे चिकित्सकीय जांच या उपचार की जरूरत महसूस हुई, उन्हें रेफरल की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
जिला अस्पताल और ईएसआईसी की टीम ने की जांच
शिविर का आयोजन सहायक श्रमायुक्त एसएन नागेश के नेतृत्व में किया गया। इसमें जिला अस्पताल तथा ईएसआईसी डिस्पेंसरी की चिकित्सा टीम ने पहुंचकर श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की।
चिकित्सकों ने श्रमिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, खान-पान और दैनिक जीवन में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने की जानकारी भी दी।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहा अभियान
श्रम विभाग की ओर से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 24 से 28 सितंबर तक जिले के अलग-अलग प्रतिष्ठानों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत औद्योगिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रमिकों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और जरूरतमंद श्रमिकों को उचित चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।



