उत्तर प्रदेशताजा खबरफतेहपुर

मकान की दीवार तोड़े जाने से परेशान विधवा ने डीएम से लगाई गुहार, निष्पक्ष जांच की मांग

फतेहपुर। नगर पंचायत धाता के वार्ड नंबर-11 स्थित कारीकान मोहल्ले की रहने वाली एक विधवा महिला ने मकान की दीवार तोड़े जाने की कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत की है। विमला देवी पत्नी स्वर्गीय रामप्रसाद सोनकर ने डीएम को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

शिकायती पत्र में विमला देवी ने बताया कि उनके तीन पुत्र दीपक, विकास और बृजेश हैं, जबकि दो पुत्रियां रेशमा और आशा हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है और वे अपनी ससुराल में रहती हैं। महिला के मुताबिक, उनके तीनों बेटे दिव्यांग हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं।

45 वर्षों से मकान में रह रहा परिवार

विमला देवी का कहना है कि वह करीब 45 वर्षों से अपने बच्चों के साथ उसी पुराने मकान में रह रही हैं। आरोप है कि नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा सरोज और अधिशासी अधिकारी की ओर से पहले उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उनकी दुकान और मकान खाली नहीं कराया जाएगा। इसके बावजूद अब मकान की दीवार तोड़कर बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है।

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में बताया है कि निर्माण संबंधी कार्रवाई 8 सितंबर 2026 को की गई। उनका कहना है कि यदि मकान को तोड़ा गया तो वह अपने तीनों दिव्यांग पुत्रों के साथ बेघर हो जाएंगी। परिवार के पास रहने के लिए कोई दूसरा स्थान नहीं है।

दूसरे राजस्व अधिकारी से जांच की मांग

विमला देवी ने मामले की जांच किसी अन्य राजस्व अधिकारी से कराए जाने की मांग की है। उन्होंने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि जांच पूरी होने तक प्रस्तावित नवनिर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, ताकि मामले की स्थिति स्पष्ट होने तक परिवार को परेशानी न हो।

पीड़िता ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई और न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button