उत्तर प्रदेशउन्नावकानपुरताजा खबर

जाजमऊ पुराना गंगापुल बंद, भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू; 13 दिसंबर तक बदले रहेंगे रास्ते

उन्नाव/कानपुर। जाजमऊ स्थित पुराने गंगापुल पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम शुरू होने के चलते भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए 13 सितंबर 2026 दोपहर 12 बजे से 13 दिसंबर 2026 तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

इस दौरान उन्नाव से कानपुर के अलावा औरैया, इटावा, बांदा, महोबा, हमीरपुर, झांसी और उरई की ओर जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना होगा।

कानपुर जाने के लिए यह रहेगा रास्ता

उन्नाव से कानपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन एनएच-31 से बिहार, इसके बाद एनएच-19 स्थित बक्सर मोड़ होते हुए कानपुर की ओर जाएंगे।

औरैया-इटावा जाने वाले वाहनों के लिए

उन्नाव से औरैया और इटावा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए गंगा एक्सप्रेसवे से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे का रास्ता इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसके अलावा वैकल्पिक मार्ग के रूप में एनएच-31 से बिहार, बक्सर मोड़ होते हुए कानपुर और फिर औरैया-इटावा की ओर जाने की व्यवस्था की गई है।

बांदा-महोबा के लिए बदला रूट

बांदा और महोबा की ओर जाने वाले भारी वाहन एनएच-31 से लालगंज और फतेहपुर होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।

हमीरपुर-झांसी-उरई जाने वालों को भी डायवर्जन

हमीरपुर, झांसी और उरई की ओर जाने वाले भारी वाहनों को एनएच-31 से बिहार, बक्सर मोड़, एनएच-19 (चौड़गरा), एसएच-46 होते हुए घाटमपुर और एनएच-34 के रास्ते आगे जाना होगा।

वाहन चालकों से सहयोग की अपील

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। अधिकारियों के मुताबिक, डायवर्जन का उद्देश्य जाजमऊ पुराने गंगापुल पर चल रहे मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कार्य को सुरक्षित और सुचारु तरीके से पूरा कराना है।

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

Related Articles

Back to top button