उन्नाव में 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद, महिला गिरफ्तार

जिला संवाददाता — देवेन्द्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। अवैध कच्ची शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने पुरवा और बीघापुर क्षेत्र में छापेमारी की। 15 सितंबर को कुट्टीखेड़ा, हड़हरा, अकवारा और केदारखेड़ा गांव में की गई कार्रवाई के दौरान कुल 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है।
आबकारी विभाग के अनुसार अकवारा गांव में कार्रवाई के दौरान गीता देवी को 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं केदारखेड़ा गांव से 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 600 किलो महुआ लहन भी बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। कार्रवाई आबकारी निरीक्षक निशांत सिंह और प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में आबकारी टीम तथा स्थानीय पुलिस बल की संयुक्त टीम ने की।
अकवारा से गिरफ्तार महिला के खिलाफ थाना बिहार में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आबकारी विभाग ने अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।



