उत्तर प्रदेशकानपुरताजा खबर

कानपुर में स्कूली वाहनों पर सख्ती, 32 के खिलाफ कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

कानपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर आरटीओ विभाग की ओर से मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 अभियान के तहत विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 14 सितंबर से शुरू हुआ छह दिवसीय अभियान 19 सितंबर 2026 तक चलेगा। इसके तहत जिले के विद्यालयीय वाहनों का भौतिक निरीक्षण कर फिटनेस और सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है।

अभियान के तहत स्कूल वाहनों में चालक के अलावा परिचर (अटेंडेंट) की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। वाहन में बालिकाओं के सफर करने की स्थिति में महिला परिचर की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा स्कूली वाहनों के चालकों का स्थानीय पुलिस के माध्यम से चरित्र सत्यापन कराया जाना भी अनिवार्य है।

16 सितंबर को 32 वाहनों पर कार्रवाई

आरटीओ विभाग के अनुसार मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत 16 सितंबर को विभिन्न अनियमितताओं के चलते 32 स्कूली वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अब तक 28 ऐसी बसें सामने आई हैं, जिनमें महिला परिचारिका मौजूद नहीं थी। संबंधित विद्यालय प्रबंधन को इस संबंध में नोटिस जारी किए गए हैं।

आरटीओ टीम ने चलाया चेकिंग अभियान

अभियान के तीसरे दिन आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव के निर्देशन में एआरटीओ प्रथम विंध्याचल गुप्ता, यात्री कर अधिकारी दीपक सिंह, महेश कुमार सहित विभागीय अधिकारियों ने स्कूली वाहनों की जांच की। इस दौरान वाहन चालकों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा मानकों के पालन के लिए जागरूक भी किया गया।

आरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने कहा कि मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत निर्धारित सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button