यूपी में फिर बदला मौसम का मिजाज, 40 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट

मानसून की विदाई से पहले यू-टर्न, पूर्वी यूपी में अक्टूबर तक बारिश के आसार; तापमान में 5 से 8 डिग्री तक गिरावट संभव
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बारिश थमने की उम्मीद के बीच बंगाल की खाड़ी में बने मौसमी सिस्टम ने प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल दिया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के 40 से अधिक जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में 28 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
पूर्वी और मध्य यूपी में ज्यादा असर
मौसम में आए इस बदलाव का असर खास तौर पर पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश में देखने को मिलेगा। बुधवार से कई इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली का खतरा भी बन सकता है।
लखनऊ और आसपास के जिलों में भी मौसम के करवट लेने के संकेत हैं। वहीं बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मानसून की विदाई पर फिर लगा ब्रेक
मौसम विशेषज्ञों के पूर्वानुमान के अनुसार 22 सितंबर के बाद प्रदेश में मौसम के शुष्क होने की उम्मीद जताई गई थी और मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू मानी जा रही थी। लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम के सक्रिय होने के बाद परिस्थितियां बदल गईं।
इस साल प्रदेश में अब तक सामान्य के मुकाबले करीब 6 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में मानसून की वापसी का समय भी आगे खिसकने के संकेत मिल रहे हैं।
पश्चिम में पहले थमेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर 28 से 30 सितंबर के बीच कमजोर पड़ सकता है। इसके मुकाबले पूर्वी उत्तर प्रदेश और लखनऊ समेत आसपास के क्षेत्रों में मानसून की विदाई अक्टूबर तक खिंचने की संभावना जताई जा रही है।
यानी फिलहाल प्रदेशवासियों को बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में बादल, बारिश, गरज-चमक और तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रह सकता है।



