PET परीक्षा को लेकर डीएम सख्त, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

ब्यूरो रिपोर्ट : ऋषभ तिवारी
उन्नाव। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिले में बनाए गए 13 परीक्षा केंद्र
जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि जिले में PET परीक्षा 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए कुल 13 केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 4,556 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
केंद्रों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश
डीएम ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, शौचालय और अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रत्येक केंद्र पर प्राथमिक चिकित्सा सुविधा के साथ मेडिकल टीम की उपलब्धता बनाए रखने को भी कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों को तत्काल सहायता मिल सके।
बस स्टेशन पर बनेगी हेल्प डेस्क
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बस स्टेशन पर हेल्प डेस्क स्थापित करने और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी की दुकानों की जांच करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सघन चेकिंग कराने को कहा गया।
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा से जुड़ी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
डीएम ने चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



