सड़कों के गड्ढे जल्द भरें, लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई: डीएम

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। जिले में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने संबंधित अधिकारियों को जिले की सभी सड़कों के सुदृढ़ीकरण और गड्ढों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
क्षतिग्रस्त सड़कों की जल्द होगी मरम्मत
डीएम ने कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्सों की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे के टूटे हुए मार्गों को भी दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने जिले की सड़कों की स्थिति में सुधार के लिए अभियान चलाकर आवश्यक कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर दुर्घटनाओं पर लगेगी रोक
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए दुर्घटना संभावित स्थलों यानी ब्लैक स्पॉट को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सड़कों पर बने अवैध कट, अतिक्रमण और यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाली समस्याओं को दूर कराने पर भी जोर दिया गया।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई
जिलाधिकारी ने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। नशे में वाहन चलाने और निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार में वाहन दौड़ाने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
छुट्टा पशुओं को गोशालाओं में किया जाएगा संरक्षित
सड़क दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए छुट्टा पशुओं को पकड़कर गोशालाओं में संरक्षित करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा और आमजन की सुविधा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों के अनुपालन में ढिलाई मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।



