उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव: गौरी में शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ, कलश यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब; हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी

बीघापुर (उन्नाव)। जनपद के बीघापुर क्षेत्र स्थित गौरी गांव में शुक्रवार को सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के प्रथम दिन सुबह बाबा गोदावलेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इसमें हजारों की संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भगवान शिव के जयकारों और भजन-कीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया।

सुबह करीब सात बजे मंदिर में विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद कलश यात्रा शुरू हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश धारण कर शामिल हुईं। मुख्य आयोजक एवं जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष अरुण सिंह अपनी पत्नी शिखा सिंह के साथ यात्रा में मौजूद रहे। करीब ढाई से तीन किलोमीटर लंबी यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कथा स्थल पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा

कलश यात्रा के कथा स्थल पहुंचने पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। बारिश और खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग आयोजन में शामिल होने पहुंचे।

सांसद और विधायकों समेत कई दिग्गज पहुंचे

इस भव्य धार्मिक आयोजन में सांसद साक्षी महाराज, राज्यसभा सांसद अरुण सिंह, सदर विधायक पंकज गुप्ता, अयोध्या के गोसाईगंज विधायक अभय सिंह, एमएलसी विनीत सिंह, पूर्व ऊर्जा राज्यमंत्री रामशंकर पटेल, गौरीगंज विधायक राकेश सिंह और इफ्को के पूर्व प्रबंध निदेशक उदय शंकर अवस्थी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। सभी ने धार्मिक आयोजन में सहभागिता की और श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहे।

पंडित प्रदीप मिश्रा ने सुनाई शिव महिमा

कलश यात्रा के बाद प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने व्यासपीठ से श्री शिव महापुराण कथा का शुभारंभ किया। पहले दिन उन्होंने शिव भक्ति, सत्य और शिवत्व का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि मन में भ्रम होने से व्यक्ति सत्य यानी शिव और शिवत्व से दूर हो जाता है। गलत बातें, गलतफहमी, गलत विचार और गलत संगत व्यक्ति को गलत मार्ग पर ले जाती हैं।

कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा और परिवार के प्रति समर्पण के प्रसंग सुनाए गए। कथावाचक ने दीपक का उदाहरण देते हुए कहा कि दीपक का काम प्रकाश फैलाना है। उसी प्रकार मनुष्य को भी दूसरों की प्रशंसा और आलोचना की परवाह किए बिना लोककल्याण के कार्य करते रहना चाहिए। कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।

5 नवंबर तक चलेगी कथा

गौरी गांव में आयोजित सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा 30 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगी। प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक पंडित प्रदीप मिश्रा श्रद्धालुओं को शिव महापुराण का श्रवण कराएंगे। आयोजन को लेकर उन्नाव सहित आसपास के जनपदों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

Related Articles

Back to top button