भगवंत नगर के विकास का रोडमैप पेश, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने जारी किया 7 सूत्रीय घोषणा-पत्र; रोजगार से लेकर स्वास्थ्य और शिक्षा तक किए बड़े वादे

ब्यूरो रिपोर्ट: ऋषभ तिवारी
उन्नाव। भगवंत नगर विधानसभा क्षेत्र के विकास को लेकर पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने अपना सात सूत्रीय घोषणा-पत्र जारी किया है। शनिवार को क्षेत्र के सम्मानित पत्रकारों के समक्ष आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने आगामी पांच वर्षों के लिए विकास का रोडमैप जनता के सामने रखा। उनके घोषणा-पत्र में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और बुनियादी सुविधाओं को प्रमुखता दी गई है।
पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने अपने घोषणा-पत्र को ‘रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और सम्मान—भगवंत नगर का नया निर्माण’ का संकल्प दिया है। उन्होंने कहा कि भगवंत नगर विधानसभा उनकी जन्मभूमि है और यहां के प्रत्येक नागरिक का सुख-दुख उनके लिए अपना है। उनका लक्ष्य क्षेत्र को विकास की नई दिशा देना है।
10 हजार से अधिक रोजगार सृजन का लक्ष्य
घोषणा-पत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार को पहली प्राथमिकता देते हुए अगले पांच वर्षों में 10 हजार से अधिक प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए कौशल विकास केंद्र, स्थानीय उद्योग, एमएसएमई, स्टार्टअप और कृषि आधारित व्यवसायों को प्रोत्साहित करने की बात कही गई है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का वादा
स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC), सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और सरकारी अस्पतालों की सुविधाएं बेहतर बनाने की बात कही गई है। डॉक्टरों, नर्सों, दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और जांच सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कराने का लक्ष्य रखा गया है।
शिक्षा और खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा
शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों में भवन, शौचालय, पेयजल और डिजिटल शिक्षा सुविधाओं के विकास का संकल्प लिया गया है। वहीं मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा में सहायता और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
खेल को लेकर भगवंत नगर में राष्ट्रीय स्तर की खेल अकादमी स्थापित करने का प्रयास, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, कोचिंग और आवश्यक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य भी घोषणा-पत्र में शामिल है।
हरित भगवंत नगर और स्वच्छता पर जोर
पर्यावरण संरक्षण के तहत पांच वर्षों में एक लाख से अधिक पेड़ लगाने और उनके संरक्षण का लक्ष्य रखा गया है। गांवों में स्वच्छता, कूड़ा प्रबंधन, जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने के साथ विद्यालयों, सड़कों, तालाबों और सार्वजनिक स्थलों पर हरित क्षेत्र विकसित करने की बात कही गई है।
सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल सुविधाओं का विकास
बुनियादी सुविधाओं को लेकर गांवों की सड़कों, संपर्क मार्गों और पुल-पुलियों के निर्माण एवं मरम्मत को प्राथमिकता देने का वादा किया गया है। बिजली, पेयजल, नाली और जल निकासी की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करने तथा गांवों में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने की बात भी कही गई है।
एक हजार से अधिक बेटियों की शादी में सहायता का संकल्प
महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सहयोग के तहत प्रतिवर्ष एक हजार से अधिक जरूरतमंद बेटियों के विवाह में सहायता का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं और वैध सहायता स्रोतों से जोड़ने तथा पारदर्शी सहायता व्यवस्था विकसित करने की बात कही गई है।
पत्रकारों का जताया आभार
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुष्पेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह घोषणा-पत्र केवल घोषणाओं का दस्तावेज नहीं, बल्कि भगवंत नगर के उज्ज्वल भविष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है। उन्होंने जनहित, पारदर्शिता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही अपनी सोच और विचारों को जनता तक पहुंचाने में सहयोग करने वाले पत्रकार बंधुओं का आभार व्यक्त किया।
घोषणा-पत्र जारी होने के बाद अब क्षेत्र में रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े इन प्रस्तावों पर चर्चा शुरू हो गई है। इन संकल्पों को जमीन पर उतारने की कार्ययोजना और उनके क्रियान्वयन पर क्षेत्रवासियों की नजर रहेगी।



