ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाढ़ प्रभावित गांव पहुंचे मोहन विधायक, ग्रामीणों का जाना हाल

उन्नाव। गंगा के बढ़े जलस्तर से प्रभावित इलाकों में लोगों की समस्याएं जानने के लिए मोहन विधायक ब्रजेश रावत ने बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। विधायक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जलभराव वाले क्षेत्रों में पहुंचे और मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी परेशानियों की जानकारी ली।
विधायक ने एसडीएम और तहसीलदार के साथ बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से पेयजल, खानपान, आवागमन और पशुओं से जुड़ी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। प्रभावित परिवारों ने भी बाढ़ के कारण सामने आ रही दिक्कतों से अधिकारियों और विधायक को अवगत कराया।
बाढ़ पीड़ितों को बांटी राहत सामग्री
निरीक्षण के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री का वितरण किया। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि बाढ़ की स्थिति में जरूरतमंद परिवारों तक हरसंभव सहायता पहुंचाई जाएगी।
विधायक ने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव व्यवस्था पर नजर बनाए रखने को कहा।
विधायक के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखीं। राहत सामग्री मिलने पर बाढ़ प्रभावित लोगों ने आभार जताया। वहीं प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता के बीच ग्रामीणों को राहत की उम्मीद जगी है।
ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News



