उन्नाव में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दो स्लीपर बस हादसे का शिकार, 44 यात्री घायल; 32 जिला अस्पताल रेफर

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
उन्नाव। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार तड़के झपकी आने के कारण दो अलग-अलग स्लीपर बसें हादसे का शिकार हो गईं। बांगरमऊ और बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में हुए इन हादसों से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। दोनों घटनाओं में कुल 44 लोग घायल हुए हैं। इनमें गंभीर हालत वाले 32 घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है।
ओवरटेक के दौरान ट्रक से टकराई बस
पहली घटना बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के देवखरी गांव के पास हुई। सिद्धार्थनगर जिले के मोहाना शिवपत नगर निवासी चालक आशिक खान करीब 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली से गोंडा जा रहा था। रविवार सुबह करीब पांच बजे चालक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान उसे झपकी आ गई और बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा भिड़ी।
टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। हादसे में चालक समेत सात लोग घायल हुए। सूचना मिलने पर यूपीडा टीम के साथ कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय और एसडीएम बृजमोहन शुक्ला मौके पर पहुंचे। पुलिस और राहत टीम ने घायलों को बाहर निकालकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से निकल गया।

दूसरी बस 15 फीट गहरी खंती में पलटी
करीब 15 मिनट बाद दूसरी दुर्घटना बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव के पास हुई। अयोध्या जिले के अतरौली क्षेत्र निवासी चालक अंकित परिचालक आदर्श के साथ करीब 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली से लखनऊ जा रहा था।
बताया गया कि रविवार सुबह करीब 5:15 बजे चालक को अचानक झपकी आ गई। बस की रफ्तार लगभग 100 किलोमीटर प्रति घंटा बताई गई है। चालक के नियंत्रण खोने के बाद बस एक्सप्रेसवे किनारे लगी एल्यूमीनियम सुरक्षा पट्टी को तोड़ते हुए करीब 15 फीट गहरी खंती में जा गिरी और पलट गई।
हादसे में चालक और परिचालक समेत 32 यात्री घायल हुए। इनमें दो विदेशी यात्रियों के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और यूपीडा टीम ने कराया रेस्क्यू
दूसरे हादसे की जानकारी मिलते ही बेहटामुजावर थाना प्रभारी राजकुमार और सीओ हर्ष मोदी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव टीम ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
दोनों हादसों में घायल 44 यात्रियों में से 32 की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। लगातार कुछ ही मिनटों के अंतराल में हुई दोनों दुर्घटनाओं ने एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और वाहन चालकों की नींद को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
पुलिस ने हादसों की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दोनों दुर्घटनाओं में चालक को झपकी आने की बात सामने आई है।



