रेकी कर चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, छह शातिर चोर गिरफ्तार

कानपुर देहात। रूरा पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, ₹97 हजार नकद और छह मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, एक मिस कारतूस और दो आला नकब भी बरामद किए गए।
पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल की जा रही सफेद स्कॉर्पियो भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार वाहन पर कूट रचित नंबर प्लेट लगी हुई थी।
सुनसान मकानों की करते थे रेकी
पुलिस का कहना है कि गिरोह के सदस्य पहले सुनसान मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय मौका देखकर मकानों के ताले और अलमारियां तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को रूरा, अकबरपुर, मूसानगर, भोगनीपुर, बरौर, मंगलपुर और संदलपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल होने की जानकारी दी है।
चोरी के आभूषण गलाकर बेचने वाला भी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक चोरी किए गए आभूषणों को गलाकर बेचने में मदद करने वाले अमन सोनी उर्फ अभयराज को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब बरामद सामान के आधार पर अन्य घटनाओं से इसके संबंधों की जांच कर रही है।
संयुक्त टीम की कार्रवाई के बाद पुलिस का कहना है कि गिरोह से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित वारदातों के संबंध में भी जांच जारी है।



