बारिश में गंगा एक्सप्रेसवे पर दरार, उन्नाव में मरम्मत शुरू

जिला संवाददाता देवेन्द्र तिवारी
उन्नाव। लगातार हो रही बारिश के बीच गंगा एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता और रखरखाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उन्नाव में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 421 से 422 के बीच मुर्तजानगर नहर पुल के पास करीब 70 मीटर हिस्से में दरार सामने आई है। सूचना के बाद कार्यदायी संस्था ने मौके पर मरम्मत का काम शुरू करा दिया।
बताया गया कि प्रभावित हिस्से पर डामरीकरण की नई लेयर डाली जा रही है। एक्सप्रेसवे के किनारे बारिश के कारण कट रही मिट्टी को रोकने के लिए आरसीसी की ढलाई भी कराई जा रही है। मौके पर मौजूद कर्मचारियों के अनुसार वाहनों के निकलने के दौरान जर्किंग की समस्या महसूस हो रही थी, जिसके बाद सड़क पर नई कोटिंग का काम कराया गया।
गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण इसी वर्ष 29 अप्रैल को हुआ था। ऐसे में पहली बारिश के दौरान सड़क में दरार आने से निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि टोल प्रबंधन ने एक्सप्रेसवे को पूरी तरह ठीक बताते हुए इसे नियमित मरम्मत का हिस्सा बताया है।
अब सवाल यह है कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हुए एक्सप्रेसवे पर इतनी जल्दी मरम्मत की नौबत क्यों आई और क्या निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच होगी?



