लखनऊ

व्यापारियों की समस्याओं पर AAP का मंथन

छोटे व्यापारियों को राहत देने के बजाय दंडात्मक कार्रवाई कर रहा है प्रशासन

व्यापारियों की अनदेखी कर रही है भाजपा सरकार

लखनऊ।
रविवार को आम आदमी पार्टी प्रदेश कार्यालय, लखनऊ में आम आदमी पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मनोज मिश्रा के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक में प्रकोष्ठ के संगठन विस्तार तथा प्रदेश भर के व्यापारियों से जुड़े प्रमुख मुद्दों एवं समस्याओं पर गहन चर्चा की गई।

बैठक में सबसे पहले संगठन विस्तार की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई। मनोज मिश्रा ने कहा कि व्यापार प्रकोष्ठ को प्रदेश के हर मंडल, जिले और नगर इकाई तक मजबूत किया जाएगा, ताकि व्यापारियों की आवाज संगठनात्मक रूप से हर स्तर पर उठाई जा सके। उन्होंने पदाधिकारियों को जल्द से जल्द जिला व मंडल स्तर की टीमों के गठन का निर्देश देते हुए इसे प्राथमिकता पर पूरा करने की मांग की।

कार्यकारिणी बैठक में प्रदेश के व्यापारियों के सामने आ रही रोजमर्रा की दिक्कतों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। मनोज मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों और प्रशासनिक उदासीनता के चलते छोटे और मंझोले व्यापारी लगातार परेशान हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब व्यापारी वर्ग प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, तो सरकार उनकी सुध क्यों नहीं ले रही।

बैठक में मौजूद पदाधिकारियों ने कहा कि प्रशासन व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन पर दंडात्मक और उत्पीड़नकारी रवैया अपना रहा है। मनोज मिश्रा ने मांग की कि सरकार व्यापारियों के लिए एक स्पष्ट, पारदर्शी और सरल नीति बनाए, जिससे उन्हें अनावश्यक प्रशासनिक भय से मुक्ति मिल सके।

आगे की रणनीति पर बात करते हुए मनोज मिश्रा ने कहा कि आम आदमी पार्टी व्यापारियों के हक की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ती रहेगी। उन्होंने आगामी दिनों में प्रदेशव्यापी सदस्यता अभियान चलाने तथा जिला व मंडल स्तर पर व्यापारी सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की, ताकि संगठन जमीनी स्तर पर और मजबूत हो सके।

इस मौके पर सीताशरण, वंश बहादुर सिंह, एच एन तिवारी, संदीप शुक्ला, रवि, राकेश सिंह, राम मूरत अग्रहरि, राहुल शर्मा, सनमत बाबू जैन सहित प्रमुख पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button