लखनऊ-कानपुर हाईवे पर खून से लथपथ महिला का शव मिलने से सनसनी, दूसरे दिन भी नहीं हो सकी पहचान
ब्यूरो ऋषभ तिवारी
किसान मेल न्यूज़ | उन्नाव। लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दही थाना क्षेत्र के टीकरगढ़ी मोड़ के पास मंगलवार देर रात खून से लथपथ एक महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के दूसरे दिन भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात हाईवे किनारे करीब 35 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला को देखा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतका ने हल्के काले रंग का छींटदार सूट और हरे रंग का सलवार पहन रखा था। घटनास्थल सुनसान होने के कारण स्थानीय लोगों ने हादसे के साथ-साथ हत्या की आशंका भी जताई है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
दही थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि दूसरे दिन भी महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान कराने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने आ सके।
फिलहाल पुलिस मृतका की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला सड़क हादसे का है या फिर किसी आपराधिक वारदात का।



