सहेली की फोटो वाली फर्जी इंस्टाग्राम आईडी से ठगी, खाते से 85 हजार रुपये पार

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
ट्रेडिंग के नाम पर भेजी APK फाइल खोलना पड़ा भारी, साइबर टीम ने शुरू की जांच
उन्नाव। सदर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। हिरन नगर निवासी एक युवती को इंस्टाग्राम पर सहेली की फोटो लगी फर्जी आईडी से ट्रेडिंग का संदेश भेजा गया। संदेश पर भरोसा कर युवती ने भेजी गई APK फाइल खोली, जिसके बाद उसके खाते से करीब 85 हजार रुपये निकल गए।
फर्जी आईडी से भेजा गया था संदेश
पीड़िता वैशाली पांडेय के अनुसार उन्हें इंस्टाग्राम पर ट्रेडिंग से संबंधित संदेश मिला था। जिस आईडी से संदेश आया, उस पर उनकी सहेली अंशिका तिवारी की फोटो लगी थी। इसे सहेली की आईडी समझकर उन्होंने संदेश पर भरोसा किया।
इसके बाद जालसाजों ने ट्रेडिंग के नाम पर APK फाइल भेजी। फाइल खोलने के बाद एक लिंक खुला, जिसमें पीड़िता की व्यक्तिगत और बैंक संबंधी जानकारी पहले से दर्ज थी।
कई बार में निकाली रकम
फाइल खोलने के बाद खाते से पहले 10 हजार रुपये कटे। इसके बाद 10 हजार, 20 हजार और 15 हजार रुपये समेत कुल करीब 85 हजार रुपये निकल गए।
ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने मोबाइल बंद किया और राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पोर्टल पर रकम फिलहाल होल्ड दिखाई दे रही है। पुलिस की साइबर टीम मामले की जांच कर रही है।



