हालिया विजिलेंस जांच में एक और मामले को शामिल करने की मांग

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण में हाल ही में रिश्वत प्रकरण में विजिलेंस द्वारा की गई गिरफ्तारी तथा उसके बाद अवैध निर्माण संबंधी 50 सर्वाधिक शिकायतकर्ताओं की भूमिका की जांच शुरू किए जाने के बीच आज़ाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने एक अन्य प्रकरण को भी इसी जांच से जोड़कर उसकी निष्पक्ष सतर्कता जांच कराने की मांग की है।
विजिलेंस विभाग एवं एलडीए उपाध्यक्ष को भेजे गए अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि उनकी पत्नी डॉ. नूतन ठाकुर से किराए पर लिए गए भूखंड पर संचालित जश्न लॉन के संचालक ने उन्हें सूचित किया है कि लॉन को एक ऐसे व्यक्ति की शिकायत पर, जिसकी पत्नी का नाम एलडीए उपाध्यक्ष के 31 मई 2025 के पत्र में आदतन/सर्वाधिक शिकायतकर्ताओं की सूची में प्रमुखता से अंकित था, निर्धारित विधिक प्रक्रिया का पालन किए बिना सील कर दिया गया।
लॉन संचालक ने यह भी आरोप लगाया है कि अब उसी प्रकरण के निस्तारण के लिए ₹20 लाख की मांग की जा रही है तथा उनसे कहा गया है कि उक्त धनराशि का हिस्सा “ऊपर तक” तथा शिकायतकर्ता तक पहुंचता है।
अमिताभ ठाकुर ने कहा है कि हाल में उजागर एलडीए रिश्वत प्रकरण, आदतन शिकायतकर्ताओं की जांच तथा इस शिकायत में लगाए गए आरोपों को एक साथ देखते हुए पूरे प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष विजिलेंस जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने मांग की है कि यदि जांच में किसी अधिकारी, कर्मचारी, बिचौलिये, शिकायतकर्ता अथवा अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।



