उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

20 करोड़ की ठगी के आरोपी को नवाबगंज से महाराष्ट्र पुलिस ने दबोचा

ब्यूरो ऋषभ तिवारी

उन्नाव। करीब 20 करोड़ रुपये की कथित ठगी और गबन के मामले में दो साल से फरार चल रहे आरोपी को महाराष्ट्र पुलिस ने उन्नाव के नवाबगंज कस्बे से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की गिरफ्तारी बुधवार शाम अजगैन कोतवाली पुलिस के सहयोग से की गई। अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद महाराष्ट्र पुलिस उसे अपने साथ ले गई।

महाराष्ट्र के सांगली जिले के धनवाड़ निवासी सुदर्शन होनवार के खिलाफ महाराष्ट्र पुलिस ने आपराधिक विश्वासघात और धोखाधड़ी की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस के अनुसार आरोपी पर करीब 20 करोड़ रुपये के गबन का आरोप है। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही महाराष्ट्र पुलिस उसकी तलाश कर रही थी

दो साल से नवाबगंज में रह रहा था आरोपी

महाराष्ट्र पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से उन्नाव के नवाबगंज कस्बे में संतोषी माता मंदिर के पास किराये का कमरा लेकर रह रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद महाराष्ट्र पुलिस की टीम बुधवार शाम नवाबगंज पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ लिया।

सीजेएम कोर्ट से मिली ट्रांजिट रिमांड

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को महाराष्ट्र ले जाने के लिए पुलिस ने सीजेएम न्यायालय में ट्रांजिट रिमांड की अर्जी दाखिल की। सीजेएम भाव्या तिवारी ने पुलिस की अर्जी स्वीकार करते हुए ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर दी।

इसके बाद बुधवार रात करीब 10:45 बजे महाराष्ट्र पुलिस आरोपी को पुष्पक एक्सप्रेस से महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गई। वहां उसे महाराष्ट्र प्रोटेक्शन ऑफ डिपॉजिटर्स इन फाइनेंशियल एस्टेब्लिशमेंट न्यायालय में पेश किया जाएगा।

महाराष्ट्र पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर कथित 20 करोड़ रुपये के गबन से जुड़े मामले में आगे की कार्रवाई करेगी। उन्नाव में आरोपी की गिरफ्तारी से लंबे समय से उसकी तलाश कर रही महाराष्ट्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

Related Articles

Back to top button