उत्तर प्रदेश
माननीय उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के द्वारा निम्न चिकित्सालयों की जांच

माननीय उपमुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के द्वारा निम्न चिकित्सालयों की गतिविधियों की हेल्थ ऑनलाइन पैरामीटर्स इवैल्यूएशन केन्द्र के माध्यम से ऑनलाइन मॉनीटरिंग की गई –
- संयुक्त जिला चिकित्सालय, बाराबंकी – आपातकालीन वार्ड में प्रातः सुबह 9 बजे सफाई की स्थिति अत्यंत शोचनीय थी एवं बेडशीट बदलने का कार्य किया जा रहा था । यह दोनों गतिविधियाँ प्रातः 7:30 बजे तक पूर्ण हो जानी चाहिए । बेडशीट बदलने के कार्य में रोगियों के परिचारकों का भी सहयोग लिया जा रहा था । चिकित्सालय प्रभारी को चेतावनी निर्गत करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को दिये गए ।
- जिला चिकित्सालय, श्रावस्ती – 5 कैमरे ऑफलाइन पाये गये । चिकित्सालय प्रभारी को समस्त कैमरे ऑनलाइन करवाने के आदेश के साथ चेतावनी निर्गत करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को दिये गए ।
- संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय नगर, गाजियाबाद – अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं परंतु आपातकालीन वार्ड में कैमरे का ओरिएंटेशन उचित नहीं था तथा ड्यूटी रूम से मरीजों की दृश्यता नहीं थी । चिकित्सालय प्रभारी को कैमरे का ओरिएंटेशन सही करवाने तथा आपातकालीन वार्ड के ड्यूटी रूम से मरीजों की दृश्यता सुनिश्चित करवाने के लिए आवश्यक संरचनात्मक परिवर्तन करने हेतु आदेशित करने के निर्देश महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को दिये गए ।
• उपमुख्यमंत्री महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि समस्त चिकित्सालयों में आपातकालीन वार्ड के ड्यूटी रूम से मरीजों की दृश्यता होनी चाहिए । तदानुसार व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के लिए आवश्यक संरचनात्मक परिवर्तन करने हेतु महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य के स्तर से निर्देश निर्गत किए जाएँ । - जिला चिकित्सालय, झाँसी – अधिकांश व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं परंतु आपातकालीन वार्ड में कैमरे का ओरिएंटेशन मरीजों की ओर नहीं था । चिकित्सालय प्रभारी को कैमरे का ओरिएंटेशन सही करवाने हेतु आदेशित करने के निर्देश महानिदेशक, चिकित्सा स्वास्थ्य को दिये गए ।
- बलरामपुर अस्पताल, लखनऊ – समस्त व्यवस्थाएं संतोषजनक पायी गईं ।
- नेताजी सुभाष चंद्र बोस जिला चिकित्सालय, गोरखपुर – पूरी स्वास्थ्य सुविधा ऑफलाइन पाई गई । अवगत कराया गया कि निरंतर वर्षा के कारण चिकित्सालय की इंटरनेट सुविधा बाधित हो गई है । इंटरनेट सुविधा को तत्काल रेस्टोर करवाने का निर्देश दिया गया ।




