बाग में पेड़ से लटका मिला 20 वर्षीय युवक का शव, मंगलवार रात से था लापता

संवाददाता सचिन पांडे
किसान मेल | उन्नाव
सोहरामऊ। थाना क्षेत्र के बेगमखेड़ा गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव गांव के बाहर बाग में पेड़ से लटका मिला। युवक मंगलवार रात से घर से लापता था। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने शव देखा तो घटना की जानकारी गांव में दी।
बेगमखेड़ा गांव निवासी 20 वर्षीय ललित पुत्र स्वर्गीय सुरेश मंगलवार रात से घर पर नहीं था। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार सुबह ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बाग में पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना गांव में पहुंचते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही सोहरामऊ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या कारण रहा, इसकी भी जांच की जा रही है।
युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजन घटना को लेकर सदमे में हैं। पुलिस आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटाकर पूरे मामले की जांच कर रही है।



