उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

गंगा का जलस्तर बढ़ा, कई रास्ते जलमग्न; गांवों और फसलों पर बढ़ा बाढ़ का खतरा

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी

उन्नाव। गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से जिले के कटरी क्षेत्र में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। फतेहपुर चौरासी, सफीपुर और बीघापुर क्षेत्र के कई गांवों में रास्तों पर पानी भर गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर निकलना पड़ रहा है।

फतेहपुर चौरासी क्षेत्र में चिरंजूपुरवा से जाने वाले डामरीकृत मार्ग और कबूलपुर से खड़ंजा मार्ग पर पानी भर गया है। चिरंजूपुरवा की पुलिया के पास जलभराव अधिक होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग नीचा होने के कारण यहां हर साल पानी भर जाता है।

सफीपुर क्षेत्र में गंगा और कल्याणी नदी का पानी बढ़ने से परियर से जमालनगर होते हुए दबौली और रामपुर-जमालनगर मार्ग प्रभावित हुआ है। कई जगह आवागमन के लिए ग्रामीण नाव या लंबे वैकल्पिक रास्ते का सहारा ले रहे हैं। हमजापुर, नीबी गाड़ा, देवीपुरवा, रामपुर, अल्लीपुर, जमालनगर और नयाखेड़ा समेत कई गांवों के आसपास पानी पहुंचने की स्थिति बनी हुई है।

बीघापुर तहसील क्षेत्र में भी स्थिति चिंताजनक है। पिपरासर-गंगानगर मार्ग पर करीब दो फीट तक पानी बह रहा है। गंगा किनारे के खेतों में पानी पहुंचने से फसलों को नुकसान शुरू हो गया है। किसानों को आशंका है कि जलस्तर और बढ़ा तो केला, करेला तथा अन्य सब्जियों की फसलें भी पूरी तरह प्रभावित हो सकती हैं।

प्रशासन ने स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने की बात कही है। ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित किसानों के नुकसान का सर्वे कराकर उन्हें राहत उपलब्ध कराई जाए।

Related Articles

Back to top button