बारिश में पेड़ गिरने से यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित, सात घंटे तक गुल रही बिजली

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। बुधवार को हुई बारिश के दौरान शहर और सफीपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने के कारण बिजली के तारों पर भी असर पड़ा और कई इलाकों में घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रही।
शहर के सिविल लाइन क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कर्मचारियों ने पेड़ हटाने के बाद करीब दो घंटे में आपूर्ति बहाल की, लेकिन इसके बाद आंबेडकर पार्क के पास एक और पेड़ गिर गया। इसके चलते दोबारा बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई और करीब दोपहर 12 बजे आपूर्ति सामान्य हो सकी।
सफीपुर में बम्हना-मिर्जापुर संपर्क मार्ग पर बारिश के दौरान एक पुराना विशाल आम का पेड़ सड़क के बीचोंबीच गिर गया। इससे कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ हटाया और रास्ता साफ कराया।
लगातार बारिश के कारण ग्रामीण और शहरी इलाकों में बिजली तथा यातायात व्यवस्था को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।



