नगर आयुक्त का औचक निरीक्षण: सड़क-नाला निर्माण से सफाई तक सख्ती

ब्यूरो ऋषभ तिवारी
कई इलाकों में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लापरवाही पर सफाई पर्यवेक्षक का वेतन रोकने के निर्देश
कानपुर। शहर की सड़क, जलनिकासी, सफाई और निर्माण व्यवस्थाओं को लेकर नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने 5 सितंबर 2026 को शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल सुधार और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
इदगाह क्षेत्र में धंसी सड़क का लिया जायजा
जोन-4 के वार्ड-5 स्थित इदगाह क्षेत्र में धंसे नाले के कारण बैठी सड़क का नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। मौके पर सड़क के दोनों ओर बैरिकेडिंग और शटरिंग का काम चलता मिला। अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेने के बाद नगर आयुक्त ने काम में तेजी लाकर निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को भी कहा गया।
जाजमऊ के गड्ढे को तत्काल मोटरेबल कराने के निर्देश
जाजमऊ में नई चुंगी के पास बने गड्ढे का भी दोबारा निरीक्षण किया गया। पूर्व निरीक्षण में लीकेज को ठीक कर सड़क को मोटरेबल कराने के निर्देश दिए गए थे, जिसका अनुपालन मौके पर पाया गया।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि जेसीबी आदि की मदद से सड़क को तत्काल पैच कराकर 5 सितंबर की रात से ही हल्के वाहनों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि मार्ग पर जाम की स्थिति न बने।
सीएम ग्रिड रोड की गुणवत्ता परखी
लाल बंगला से वीआईपी रोड तथा जेके प्रथम से पैसिफिक लॉन जाने वाली सीएम ग्रिड रोड का भी निरीक्षण किया गया। करीब 2.60 किलोमीटर लंबी सड़क पर फुटपाथ, पार्किंग और दिव्यांगजनों के लिए रैंप सहित कई सुविधाएं प्रस्तावित हैं। मौके पर निर्माण कार्य जारी मिला। नगर आयुक्त ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए इसे डेढ़ माह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए।
काजीखेड़ा में गंदगी मिली तो वेतन रोकने के निर्देश
शिव कटरा से मनोज इंटरनेशनल क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी मिली। काजीखेड़ा स्थित एक प्लॉट में बड़ी मात्रा में कूड़ा मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई।
लापरवाही पर सफाई पर्यवेक्षक शिव कुमार का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए गए। वहीं संबंधित सफाई निरीक्षक को कठोर चेतावनी दी गई। क्षेत्र में उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए।
श्याम नगर की सड़क एक घंटे में ठीक कराने के निर्देश
श्याम नगर मुख्य मार्ग पर गड्ढा मिलने पर नगर आयुक्त ने उसे एक घंटे के भीतर मोटरेबल कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि बारिश और भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़क दोबारा क्षतिग्रस्त हुई थी।
यशोदा नगर में 4.65 किमी सीएम ग्रिड रोड का निरीक्षण
नगर आयुक्त ने यशोदा नगर में नमक फैक्ट्री चौराहा, राजा राम चौराहा होते हुए हमीरपुर मुख्य मार्ग तक जाने वाली करीब 4.65 किलोमीटर लंबी सीएम ग्रिड सड़क का भी निरीक्षण किया।
सड़क बनने के बाद यशोदा नगर के बाजार और घनी आबादी वाले इलाकों में आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। साथ ही हमीरपुर जाने वाले वाहनों को नौबस्ता के जाम से राहत मिलने की संभावना है। सड़क पर फुटपाथ, डिवाइडर और दिव्यांगजनों के लिए रैंप जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं।
नगर आयुक्त ने निर्माण कार्य को तेज गति से कराकर अगले डेढ़ माह में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा क्षेत्र के सभी गड्ढों को मोटरेबल कराने और 15 सितंबर से पैचवर्क शुरू कराने को कहा गया, ताकि आगामी त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क, सफाई, जलनिकासी और निर्माण कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर के समग्र विकास, बेहतर यातायात व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण के लिए नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है।



