निवेश मित्र के लंबित प्रकरणों पर डीएम नाराज, समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। विकास भवन में आयोजित उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने उद्यमियों की समस्याओं और निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। लंबित मामलों की स्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान यूपीसीडा से संबंधित सबसे अधिक प्रकरण लंबित पाए गए। इस पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई और निर्देश दिए कि अगली बैठक तक लंबित मामलों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र साइट नंबर-2 में एचपी गैस प्लांट के बाहर सड़क पर खड़े टैंकरों का मुद्दा भी सामने आया। डीएम ने सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने और अधिक से अधिक चालान कर जुर्माना लगाने के लिए आरटीओ को निर्देशित किया।
इसके अलावा औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, नाली, बिजली, जलभराव और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं की भी समीक्षा की गई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि उद्यमियों को उद्योगों के संचालन में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और उद्यमी मौजूद रहे।



