यूरो शूज में हेल्थ कैंप, 110 श्रमिकों की हुई स्वास्थ्य जांच

संवाददाता सचिन पांडे
उन्नाव। सेवा सेतु अभियान के तहत बंथर स्थित लेदर टेक्नोलॉजी पार्क में यूरो शूज परिसर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 110 श्रमिकों की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान श्रमिकों का ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमआई समेत सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
सहायक श्रमायुक्त एसएन नागेश के नेतृत्व में आयोजित शिविर में जिला अस्पताल और ईएसआईसी डिस्पेंसरी की टीम ने श्रमिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रमिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह भी दी।
वहीं तहसील सदर क्षेत्र में बाल श्रम के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाया गया। श्रम विभाग और पुलिस की टीम ने पांच प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सात बाल एवं किशोर श्रमिक चिन्हित किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले सेवायोजकों के खिलाफ मौके पर निरीक्षण टिप्पणी जारी की गई है। संबंधित मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। श्रम विभाग ने प्रतिष्ठान संचालकों से बाल श्रम की रोकथाम में सहयोग करने की अपील की।



