जिला सैनिक बंधु बैठक में नौ लंबित समस्याओं का मौके पर निस्तारण

जिला संवाददाता देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में एडीएम न्यायिक अमिताभ यादव की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित हुई। बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान नौ लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया।
बैठक में एसडीएम सदर राजेश कुमार विश्वकर्मा ने भूमि संबंधी समस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों को शस्त्र लाइसेंस के नवीनीकरण, जमीन एवं संपत्ति विवाद से जुड़े मामलों में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा चकबंदी, नगर पालिका और बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए। करीब नौ अधिकारियों को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।
एडीएम न्यायिक अमिताभ यादव ने कहा कि जिला सैनिक बंधु बैठक के माध्यम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं का समाधान कराया जा रहा है। स्क्वाड्रन लीडर मधु मिश्रा ने बताया कि प्रत्येक कार्य दिवस में पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनी जाती हैं।
बैठक में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और उनके आश्रित मौजूद रहे। त्वरित निस्तारण के प्रयासों की उपस्थित लोगों ने सराहना की।



