बिल्हौर में व्यापारी की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप, पानी के गड्ढे से बरामद हुआ सिर

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। बिल्हौर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक व्यापारी की सिर कटी लाश मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मकनपुर रोड पर खुर्द खोजनपुर मोड़ के पास पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की और काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से कुछ दूरी पर पानी से भरे गड्ढे से मृतक का सिर बरामद किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान देवहा गांव निवासी राज किशोर पटवा (45) के रूप में हुई है। उनकी पत्नी मधु ने बताया कि राज किशोर कॉस्मेटिक का कारोबार करते थे।
धारदार हथियार से गर्दन काटने की बात
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में राज किशोर की गर्दन धारदार हथियार से काटे जाने की बात सामने आई है। घटनास्थल से मृतक की साइकिल और गमछा भी मिला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाकों में पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी के निर्देशन में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।


