सीएम ग्रिड सड़क के निर्माण कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण, IIT कानपुर से गुणवत्ता जांच के निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। महापौर प्रमिला पांडेय ने 22 सितंबर 2026 को जोन-4 क्षेत्र में थाना स्वरूप नगर से मटका तिराहा होते हुए ग्वालिन चौराहा तक बन रही सीएम ग्रिड व्हाइट टॉपिंग सड़क का भौतिक निरीक्षण किया। करीब 22 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित, पार्षद धीरेन्द्र त्रिपाठी, गोविन्द मोहन शुक्ला और विवेक शर्मा सहित जोन-4 की अधिशाषी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल मौजूद रहीं।
समय सीमा समाप्त होने पर दो महीने का अतिरिक्त समय मांगा
अधिशाषी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने महापौर को बताया कि सड़क निर्माण कार्य की निर्धारित समय सीमा 25 सितंबर 2026 को समाप्त हो रही है। वहीं निविदादाता की ओर से निर्माण कार्य पूरा करने के लिए करीब दो माह का अतिरिक्त समय मांगा गया है।
महापौर ने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
IIT कानपुर से होगी गुणवत्ता की जांच
महापौर प्रमिला पांडेय ने सड़क की गुणवत्ता को लेकर अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता जांच IIT कानपुर से कराई जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए और निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराया जाए।



