उन्नाव में 29 सितंबर तक मौसम को लेकर अलर्ट, डीएम ने जारी की एडवाइजरी

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। जनपद में 29 सितंबर 2026 तक मौसम संबंधी अलर्ट को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीना ने लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है। मौसम विभाग की ओर से मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी की है।
डीएम ने खराब मौसम के दौरान लोगों से खुले स्थानों और खेतों में जाने से बचने की अपील की है। साथ ही पेड़ों, विद्युत खंभों तथा कमजोर और जर्जर भवनों से पर्याप्त दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
जिलाधिकारी ने कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे मकानों को छोड़कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। भारी बारिश के कारण मकानों के गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने को कहा गया है।
प्रशासन ने पेड़, होर्डिंग, विद्युत पोल और अन्य अस्थायी संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की अपील की है। खराब मौसम के दौरान किसी भी तरह के जोखिम से बचने के लिए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से भी बचने की सलाह दी गई है।
जिलाधिकारी ने मौसम की ताजा जानकारी के लिए ‘सचेत’ ऐप और जिला प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने कहा, “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और परिवार का ध्यान रखें, आपदा से बचाव ही सुरक्षा है।”



