उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा, निबंध प्रतियोगिता में लिया हिस्सा

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) स्काउट गाइड भवन उन्नाव में सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सिविल सेवा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रीप्रकाश पाण्डेय ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, सामाजिक जागरूकता, राष्ट्र निर्माण की भावना और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। आगामी दिनों में अन्य प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत@2047—विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश’, ‘सेवा, सुशासन एवं राष्ट्र-निर्माण’ तथा ‘स्वच्छ, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर भारत’ जैसे विषयों पर अपने विचार व्यक्त करने का अवसर मिला।

अधिकारी ने कहा कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाशीलता, प्रतिभा और राष्ट्र के प्रति अपने संकल्प को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के सभी छात्र-छात्राओं से अभियान में अधिक से अधिक संख्या में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी सेवा संकल्प अभियान को केवल प्रतियोगिता के रूप में न लेते हुए अपनी प्रतिभा को पहचान देने और जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के अवसर के रूप में देखें। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता के माध्यम से सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कोर्स कोऑर्डिनेटर दिनेश कुमार, अतिथि प्रवक्ता कन्हैया पांडेय, अनुपम सिंह, शुभम सिंह, ज्योत्स्ना श्रीवास्तव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button