उत्तर प्रदेशताजा खबरलखीमपुर

लखीमपुर खीरी में कुदरत का कहर: 36 घंटे की भारी बारिश से कच्चा मकान ढहा, पति-पत्नी और मासूम बेटे की दर्दनाक मौत

लखीमपुर खीरी (संवाददाता: अकबर अली)
उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक खबर सामने आ रही है। जिले के रहमतपुर गांव में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। बारिश के कारण जलभराव और जर्जर स्थिति के चलते रात में एक कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे के नीचे दबने से परिवार के तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।


नींद में ही समा गए मलबे के नीचे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहमतपुर निवासी मोहन कश्यप (40) अपनी पत्नी सरिता (36) और छोटे बेटे मोनू (8) के साथ घर में सो रहे थे। रात भर हुई मूसलाधार बारिश से मिट्टी की दीवारें सीलन के कारण कमजोर हो गई थीं और अचानक ढह गईं। सुबह जब पड़ोसियों और ग्रामीणों ने मकान गिरा देखा तो गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आनन-फानन में भारी मशक्कत कर मलबा हटाया और तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। तीनों की सांसें थम चुकी थीं।
गांव में छाया मातम, प्रशासन और जलभराव पर भड़के ग्रामीण
इस दुखद घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में काफी समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। गांव की मुख्य पुलिया बंद होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप पड़ी थी, जिससे घरों की नींव में पानी भर रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासनिक स्तर पर जल निकासी का इंतजाम कर दिया जाता तो यह दर्दनाक हादसा टल सकता था।
पुलिस व प्रशासनिक टीम मौके पर
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहसील प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया गया है और दैवीय आपदा राहत कोष के तहत आर्थिक सहायता प्रदान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
किसान मेल की अपील: बारिश के इस मौसम में यदि आपका मकान कच्चा या जर्जर स्थिति में है, तो कृपया सतर्क रहें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button