उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में बारिश का कहर, करीब 75 कच्चे मकान ढहे; छह लोग घायल

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। जिले में लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। पिछले 24 घंटे में 144.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज किए जाने के बाद कई इलाकों में कच्चे मकान और दीवारें ढह गईं। रिपोर्टों के अनुसार जिले में करीब 75 कच्चे घर गिरने से छह लोग घायल हुए हैं, जबकि आठ मवेशियों के मरने की सूचना है।

बीघापुर क्षेत्र में बारिश से कई कच्चे मकानों के गिरने की जानकारी सामने आई है। पुरवा तहसील क्षेत्र के भी कई गांवों में मकानों को नुकसान पहुंचा है। सिकंदर सरोसी क्षेत्र में भी लगातार बारिश के कारण कई घर क्षतिग्रस्त हुए हैं।

नवाबगंज क्षेत्र में घर की दीवार गिरने से पिता और उनकी दो बेटियां मलबे में दबकर घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला। बाद में उनका उपचार कराया गया।

बारिश के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने से मुख्य मार्गों पर आवागमन भी प्रभावित हुआ। कुछ मार्गों पर कई घंटे तक यातायात बाधित रहा। बिजली आपूर्ति भी कई क्षेत्रों में प्रभावित होने की जानकारी सामने आई है।

प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कराया जा रहा है। जिलास्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के साथ प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button