पनकी में जलभराव का महापौर प्रमिला पांडेय ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कानपुर। लगातार बारिश के बीच पनकी और सुंदर नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति का महापौर प्रमिला पांडेय ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि पाण्डु नदी का जलस्तर अत्यधिक बढ़ने के कारण बरसात के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। इसके चलते पनकी और सुंदर नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
महापौर ने मौके पर नगर निगम के इंजीनियरिंग विभाग और जलकल विभाग की टीमों को जल निकासी की व्यवस्था में जुटा पाया। उन्होंने अधिकारियों से मौके की स्थिति और किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।
महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव वाले क्षेत्रों में आपात स्थिति से निपटने के लिए मौके पर ही मौजूद रहें और जल निकासी की व्यवस्था लगातार निगरानी में रखें।
उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि नागरिकों को जलभराव की समस्या से जल्द से जल्द राहत दिलाने के लिए प्रभावी तरीके से काम किया जाए। साथ ही जरूरत के अनुसार संसाधनों का इस्तेमाल कर जल निकासी व्यवस्था को सुचारु कराने पर जोर दिया।



