करंट की चपेट में आकर महिला झुलसी, जिला अस्पताल रेफर

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
फतेहपुर। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के कस्बे के कटरा मोहल्ले में रविवार सुबह घर में काम कर रही 23 वर्षीय महिला अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे आनन-फानन में उपचार के लिए बिंदकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार कटरा मोहल्ला निवासी बीरेश की 23 वर्षीय पत्नी रोशनी कश्यप रविवार सुबह करीब आठ बजे घर में काम कर रही थीं। इसी दौरान वह अचानक बिजली के करंट की चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ीं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे बिजली के संपर्क से अलग किया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे उपचार के लिए बिंदकी सीएचसी लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। महिला की हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।



