उत्तर प्रदेशउन्नावताजा खबर

उन्नाव में रोडवेज और स्लीपर बसों की सघन चेकिंग, सुरक्षा मानकों की हुई जांच

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News

उन्नाव। माननीय न्यायालय के आदेश के क्रम में चलाए जा रहे ‘मीट एंड ग्रीट’ (Meet & Greet) अभियान के तहत यातायात पुलिस ने रोडवेज और स्लीपर बसों की सघन चेकिंग की। अभियान के दौरान बसों के दस्तावेजों के साथ यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की भी जांच की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जयप्रकाश सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार मौर्य के पर्यवेक्षण में यातायात प्रभारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम ने जनपद के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान रोडवेज और स्लीपर बसों को रोककर उनके परमिट, फिटनेस, चालक व परिचालक के आवश्यक दस्तावेज, यातायात नियमों के अनुपालन तथा यात्रियों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके अलावा बसों में आपातकालीन निकास सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया।

यातायात पुलिस ने बस चालकों और परिचालकों को निर्धारित क्षमता के अनुसार यात्रियों को बैठाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन संचालित करने तथा यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया। यात्रियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।

चेकिंग के दौरान यातायात नियमों अथवा निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।

उन्नाव पुलिस के अनुसार माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत रोडवेज एवं स्लीपर बसों की चेकिंग और यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button