लोडर की टक्कर से बाइक सवार गंभीर घायल, जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
फतेहपुर। हथगाम थाना क्षेत्र के अलीमऊ गांव के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पहले हथगाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
जानकारी के अनुसार अलीमऊ गांव निवासी मेंडी लाल का 56 वर्षीय पुत्र चेतराम मौर्या रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बाइक से सामान लेने जा रहा था। वह गांव के समीप पहुंचा ही था कि इसी दौरान तेज रफ्तार लोडर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से चेतराम मौर्या सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए हथगाम सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।



