उन्नाव में आधार अनुश्रवण समिति की बैठक, योजनाओं में शत-प्रतिशत सत्यापन के निर्देश

संवाददाता: सचिन पांडेय
उन्नाव। कलेक्ट्रेट स्थित पन्नालाल सभागार में मुख्य विकास अधिकारी कृतिराज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में सरकारी योजनाओं में आधार के उपयोग, आधार सत्यापन, सीडिंग और फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी संबंधित कार्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आधार नामांकन केंद्रों की व्यवस्था और आधार आधारित जन्म पंजीकरण को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आधार संबंधी प्रक्रियाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए।
औद्योगिक विकास के आंकड़ों की हुई समीक्षा
इसके साथ ही जिला ओटीडी सेल की त्रैमासिक बैठक में औद्योगिक विकास से संबंधित आंकड़ों की समीक्षा की गई। बैठक में विनिर्माण क्षेत्र के सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) के आंकड़ों का सही आकलन कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बायोगैस परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं, कंप्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कारखानों से प्राप्त आंकड़ों की जांच कर उनकी सटीकता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सटीक आंकड़ों पर दिया जोर
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को आधार संबंधी कार्यों, सरकारी योजनाओं के सत्यापन और औद्योगिक विकास से जुड़े आंकड़ों को समयबद्ध एवं सटीक तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि विकास कार्यों की वास्तविक प्रगति का सही आकलन किया जा सके।



