उन्नाव: 75वीं जनपदीय एथलेटिक प्रतियोगिता में प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान, विधायक पंकज गुप्ता ने बढ़ाया उत्साह

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी , Kisan Mail News
उन्नाव। शहर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेडियम में आयोजित 75वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक प्रतियोगिता का समापन खिलाड़ियों के सम्मान के साथ हुआ। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विधायक पंकज गुप्ता ने कहा कि मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास सफलता की कुंजी हैं। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा के दम पर जनपद का नाम रोशन करने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में शिक्षक विधायक राजबहादुर सिंह चंदेल और हृदयराम वर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक सुनील दत्त, जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सबरवाल तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं खेल जगत से जुड़े लोग उपस्थित रहे।



