सालों से बदहाल सड़क पर अब दौड़ेंगे वाहन, कब्बा खेड़ा पुलिया से किशोरी खेड़ा मार्ग का लोकार्पण

जिला संवाददाता: देवेंद्र तिवारी
उन्नाव। शहर के कब्बा खेड़ा पुलिया से किशोरी खेड़ा को जोड़ने वाले मार्ग का डामरीकरण पूरा होने के बाद नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने लोकार्पण किया। लंबे समय से जर्जर सड़क और जलभराव की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
खराब सड़क से राहगीर थे परेशान
कब्बा खेड़ा पुलिया से किशोरी खेड़ा तक जाने वाले मार्ग की हालत कई वर्षों से खराब थी। जगह-जगह सड़क क्षतिग्रस्त होने और बारिश के दौरान जलभराव की समस्या के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ती थी। सड़क का डामरीकरण पूरा होने से अब लोगों को आने-जाने में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।
पारदर्शिता के साथ विकास कार्य कराने पर जोर
लोकार्पण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता मिश्रा ने कहा कि पालिका शहर की सफाई व्यवस्था और सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लखनऊ-कानपुर के बीच स्थित उन्नाव में विकास कार्यों का लाभ स्थानीय लोगों के साथ यहां से गुजरने वाले यात्रियों को भी मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि नगर पालिका के बजट, स्वीकृत सड़कों और विकास कार्यों से संबंधित विवरण सोशल मीडिया पर साझा किया जाता है, ताकि शहरवासियों को खर्च और कार्यों की जानकारी मिल सके तथा कामकाज में पारदर्शिता बनी रहे।
लोकार्पण में शामिल हुए सभासद और क्षेत्रवासी
कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष ने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर बातचीत की। इस अवसर पर सभासद राजा यादव, उज्ज्वल यादव, रेखा दीक्षित, बालकृष्ण अवस्थी, चंदर वर्मा, अनूप यादव, आलोक भदौरिया, अजीत यादव और संदीप यादव सहित कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम में महिलाओं और अन्य गणमान्य लोगों ने भी भागीदारी की।



