कौशाम्बी: अझुवा में हरियाणा से आईं रसगुल्लों की 682 पेटियां मिलीं, खाद्य विभाग ने ट्रक किया सील

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
कौशाम्बी। त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने शुक्रवार शाम अझुवा कस्बे में कार्रवाई की। पीहू मिष्ठान भंडार पर हरियाणा से आए उत्तम ब्रांड के रसगुल्लों की करीब 682 पेटियां मिलने के बाद विभागीय टीम ने नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। कार्रवाई के दौरान संबंधित ट्रक को सील कर सैनी कोतवाली में खड़ा करा दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन तथा जिलाधिकारी कौशाम्बी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिव प्रताप तिवारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भरत कुमार मिश्र और खाद्य सहायक अनिल कुमार की टीम शुक्रवार शाम करीब छह बजे सैनी कोतवाली क्षेत्र के अझुवा कस्बे पहुंची।
टीम ने पीहू मिष्ठान भंडार पर जांच के दौरान हरियाणा से आए ट्रक में रखी रसगुल्लों की खेप की पड़ताल की। मौके पर करीब 682 पेटियां मिलने पर दो से तीन पेटियों से नमूने एकत्र किए गए। इसके बाद नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया।
ट्रक सील कर कोतवाली में खड़ा कराया
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई के दौरान संबंधित ट्रक को सील कर सैनी कोतवाली में खड़ा करा दिया। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर रसगुल्लों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
जांच रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी गुणवत्ता
फिलहाल रसगुल्लों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी किसी गड़बड़ी की पुष्टि नहीं हुई है। विभाग की ओर से लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर निष्कर्ष निकाला जा सकेगा।
त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और मिलावट पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई को खाद्य सुरक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था का हिस्सा माना जा रहा है।



