मार्च तक पूरा होगा उन्नाव रेलवे स्टेशन का निर्माण, DRM सुनील कुमार वर्मा ने किया निरीक्षण

जिला संवाददाता — देवेंद्र तिवारी, Kisan Mail News
उन्नाव। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उन्नाव रेलवे स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्यों का डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को मार्च तक काम पूरा करने के लक्ष्य के अनुरूप तेजी से कार्य कराने के निर्देश दिए।
स्टेशन परिसर में दो मंजिला भवन का निर्माण कार्य जारी है। भवन के ग्राउंड फ्लोर की कास्टिंग पूरी हो चुकी है, जबकि ऊपरी मंजिल का काम चल रहा है। निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने तकनीकी समस्याओं का समय से समाधान करने और निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने पर जोर दिया, ताकि काम में अनावश्यक देरी न हो।
डीआरएम ने लखनऊ-कानपुर रेलखंड पर सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। इस दौरान वर्ष 2012 में सर्वे की गई प्रस्तावित रेलवे ट्रैक परियोजना का मुद्दा भी उठा।
वहीं, आरपीएफ की हिरासत में नेपाली नागरिक की मौत के मामले में डीआरएम ने कहा कि वह आरपीएफ कमांडेंट से जानकारी लेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



