अज्ञात वाहन की टक्कर से वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल, कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर

ब्यूरो रिपोर्ट — ऋषभ तिवारी, Kisan Mail News
फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र में दलीपुर रारा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पैदल जा रही 65 वर्षीय वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से निकल गया। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उन्हें कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दलीपुर गांव निवासी स्वर्गीय बाबूराम की पत्नी महाबिरया देवी किसी काम से पैदल सड़क पर जा रही थीं। इसी दौरान वहां से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को जिला अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में भी प्राथमिक उपचार के बाद महिला को सरकारी एंबुलेंस से कानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रेफरल के दौरान एंबुलेंस में ईएमटी शिवशरण और पायलट गुलाब सिंह मौजूद रहे। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक के संबंध में फिलहाल जानकारी सामने नहीं आई है।



